हजारीबाग।

बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने शुक्रवार को दिनदहाड़े गोली मारकर L&T कंपनी के इंजिनियर सत्येंद्र कुमार सिंह की हत्या कर दी। अपराधियों ने हत्या की घटना को कटकमदाग थाना क्षेत्र के फतहा में पुंदरी मोड के समीप अंजाम दिया। इससे पुलिस प्रशासन सहित कंपनी में हड़कंप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी अनुसार मृतक एनटीपीसी के लिए केरेडारी के पांडू में कन्वेयर बेल्ट निर्माण कार्य कर रही L&T कंपनी का इक्विपमेंट इंजीनियर था।
इंजिनियर हजारीबाग से पांडू टाटा सूमो वाहन से जा रहे थे। दिन करीब 10:30 बजे वाहन जैसे ही पुंदरी मोड़ के पास पहुंचा , तो बाइक सवार अपराधियों ने फायरिंग कर दी। गोली वाहन के शीशे को पार करते हुए इंजिनियर के पीठ में लगी और फिर आगे से निकल गई। गोली लगते ही चालक उन्हें लेकर हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा पर उन्हें बचाया नहीं जा सका। पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एनटीपीसी एवं L&T कंपनी के अधिकारी अस्पताल पहुंचे। एसपी कार्तिक एस भी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी ने कहा कि फिलहाल गोली मारने के कारण का पता नहीं चला है। मामले की जांच की जा रही है पुलिस जल्द इसका खुलासा किया जाएगा।