Koderma News: डोमचांच थाना क्षेत्र के माथाडीह वार्ड नंबर तीन में 36 दिन के नवजात की मौत के बाद शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। मासूम की मौत से आक्रोशित परिजनों ने आंगनबाड़ी केंद्र की एएनएम रिंकी देवी पर निर्धारित उम्र से पहले गलत टीका लगाने का आरोप लगाया। आक्रोशित परिजनों ने शहीद चौक पर नवजात का शव सड़क पर रखकर कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार को माथाडीह स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बच्चे की मां रूपा देवी को भी नवजात के साथ केंद्र बुलाया गया था। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने बच्चे की उम्र कम होने की बात कहकर टीका लगवाने से मना किया था। इसके बावजूद एएनएम ने बच्चे को चार टीके लगा दिए।

परिजनों का दावा है कि 45 दिन की उम्र में लगाए जाने वाले टीके महज 36 दिन के नवजात को दे दिए गए। इसके बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी। शुक्रवार तड़के उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक बच्चा पप्पू कुमार का इकलौता बेटा था। उसकी पहले से दो बेटियां हैं।
एएनएम को बर्खास्त करने की मांग
बच्चे की मौत के बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने संबंधित एएनएम को बर्खास्त करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। आक्रोशित लोगों ने शहीद चौक पर शव रखकर प्रदर्शन किया, जिससे मुख्य सड़क पर आवागमन प्रभावित हो गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच के बाद होगा खुलासा
सड़क जाम की सूचना मिलने पर डोमचांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले की जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नवजात की मौत टीकाकरण के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सकीय वजह थी। टीका लगाने में कथित लापरवाही और बच्चे की मौत के बीच संबंध की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।


