कच्ची दरगाह से बिदुपुर तक बना छह लेन का पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ेगा, 227 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण
Patna News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार दौरे के दौरान राज्य को 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। वैशाली जिले के जन्दाहा-राजापाकर औद्योगिक क्षेत्र स्थित जाफरपट्टी से प्रधानमंत्री ने 227 विकास एवं बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण किया। इस दौरान गंगा नदी पर बने बहुप्रतीक्षित कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का भी उद्घाटन किया गया, जिसे ‘नीतीश सेतु’ नाम दिया गया है।

करीब 19.7 किलोमीटर लंबे इस पुल के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क पहले से अधिक सुगम होगा। 4,988.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस परियोजना में 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और करीब 10 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़कें शामिल हैं। यह पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार पहुंचने पर पटना हवाईअड्डे पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री वैशाली जिले के राघोपुर पहुंचे और नवनिर्मित पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुल से गमछा लहराकर उपस्थित लोगों का अभिवादन किया और विधिवत उद्घाटन कर इसे बिहार की जनता को समर्पित किया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सड़क और ऊर्जा क्षेत्र को मिली मजबूती
प्रधानमंत्री की ओर से शुरू की गई परियोजनाओं में सड़क, रेल, बिजली, जलापूर्ति, सीवरेज, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और शहरी विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। प्रमुख सड़क परियोजनाओं में एनएच-19 के औरंगाबाद-चरदाहा खंड को छह लेन बनाने, एनएच-227 एफ के चोरमा-बैरागनिया खंड तथा एनएच-327 के उमगांव-सहरसा खंड से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं।
ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ने 1,320 मेगावाट की बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी इकाई (660 मेगावाट) का उद्घाटन किया। वहीं, पीरपैंती सुपर थर्मल पावर परियोजना से बिजली निकासी के लिए करीब 3,350 करोड़ रुपये की लागत वाली आधारभूत संरचना की आधारशिला रखी गई। नवादा के फुलवरिया बांध पर फ्लोटिंग सोलर परियोजना सहित बिजली वितरण और पारेषण से जुड़ी योजनाएं भी शुरू की गईं।
शहरी विकास और शिक्षा-स्वास्थ्य पर जोर
प्रधानमंत्री ने साहेबगंज-अरेराज-बेतिया एनएच-139 डब्ल्यू को चार लेन बनाने की परियोजना की आधारशिला रखी। इस पर 3,800 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। इसके अलावा बेगूसराय, बिहारशरीफ, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी और सहरसा में जलापूर्ति एवं सीवरेज से जुड़ी योजनाओं को भी गति दी गई।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालयों, आईआईटी पटना रिसर्च पार्क, इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों तथा स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया।
100 ई-बसों को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने 100 पीएम-ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे राज्य में स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
कुल मिलाकर 34,470 करोड़ रुपये की इन 227 परियोजनाओं के माध्यम से बिहार में आधारभूत संरचना, यातायात, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और शहरी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।


