तीन बाइक से आए बदमाशों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को बनाया बंधक, सुरक्षा गार्ड का सिर फोड़ा; वारदात के बाद पूरे जिले में नाकेबंदी
Bettiah News: बेतिया में बुधवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की ऐसी बड़ी वारदात को अंजाम दिया, जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी। कालीबाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में तीन बाइक से पहुंचे आठ हथियारबंद अपराधियों ने करीब 20 मिनट तक तांडव मचाया। हथियारों के बल पर कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर बदमाश शोरूम में रखे सोने और हीरे के आभूषण बैग में भरकर फरार हो गए।

शोरूम मालिक के मुताबिक, लूटे गए आभूषणों की अनुमानित कीमत 30 से 40 करोड़ रुपये है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से शहर के कारोबारियों में दहशत का माहौल है।
तीन बाइक से पहुंचे आठ अपराधी, हथियार दिखाकर सभी को बनाया बंधक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार दोपहर तीन बाइक पर सवार होकर आठ अपराधी शोरूम पहुंचे। इनमें दो बाइक पर तीन-तीन और तीसरी बाइक पर दो अपराधी सवार थे। सभी हथियारों से लैस थे।
शोरूम में घुसते ही अपराधियों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया। कर्मचारियों के हाथ बांध दिए गए और उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए। इसके बाद बदमाशों ने शोकेस में रखे सोने और हीरे के आभूषण बैग में भरने शुरू कर दिए।
सुरक्षा गार्ड का सिर फोड़ा, CCTV कैमरे भी तोड़े
लूटपाट के दौरान अपराधियों ने शोरूम के सुरक्षा गार्ड मन्नू चौबे के सिर पर प्रहार कर उन्हें घायल कर दिया। इसके अलावा शोरूम में मौजूद दो ग्राहकों के मोबाइल फोन फर्श पर पटककर तोड़ दिए। बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरों और काउंटर में भी तोड़फोड़ की।
करीब 20 मिनट तक लूटपाट करने के बाद सभी अपराधी आभूषण लेकर फरार हो गए। घायल सुरक्षा गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
20 मिनट तक चलता रहा लूट का खेल, आसपास के दुकानदारों को नहीं लगी भनक
हैरानी की बात यह रही कि शहर की व्यस्त सुप्रिया रोड पर स्थित शोरूम में करीब 20 मिनट तक अपराधी लूटपाट करते रहे, लेकिन आसपास के दुकानदारों को इसकी भनक तक नहीं लगी। अपराधियों के भागने के बाद जब शोरूम के कर्मचारियों ने शोर मचाया, तब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली।
वारदात के समय शोरूम में सात से आठ कर्मचारी और दो से तीन ग्राहक मौजूद थे। इनमें चार से पांच महिला कर्मचारी भी शामिल थीं। सभी को हथियारों के बल पर बंधक बनाया गया था।
DIG और SSP ने तीन घंटे तक की जांच, पूरे जिले में नाकेबंदी
घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी हरकिशोर राय, एसएसपी कुमार गौतम और सदर वन एसडीपीओ अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने करीब तीन घंटे तक घटनास्थल का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से अलग-अलग पूछताछ की।
जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस शोरूम और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की एक बाइक का नंबर मिलने की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
अपराधियों की तलाश में छापेमारी, सीमावर्ती इलाकों में अलर्ट
वारदात के बाद पूरे पश्चिम चंपारण जिले में नाकेबंदी कर दी गई है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। सभी थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रमुख सड़कों और सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की जांच की जा रही है।
दिनदहाड़े करोड़ों रुपये की इस लूट ने बेतिया की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
इस खबर को भी पढ़ें तीन दिन बाद बजनी थी शहनाई, उससे पहले मंगेतर ने घों’ट दिया 6 माह की गर्भवती प्रेमिका का ग’ला!


