अररिया में पुलिस सुरक्षा को चुनौती, रातोंरात साफ कर दिए सोने के जेवर; एसपी ने गठित की SIT, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
Araria News: जिले में चोरों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। एसपी आवास से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित शगुन ज्वैलरी दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। बीती रात चोर गैस कटर से दुकान का शटर काटकर अंदर घुसे और शोकेस में रखे कीमती स्वर्णाभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी हुए गहनों की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह, नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक समेत पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
गैस कटर से काटा शटर, दुकान के जेवरात पर किया हाथ साफ
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरों ने दुकान के पीछे के दरवाजे से प्रवेश किया। इसके बाद गैस कटर की मदद से शटर काटकर दुकान के अंदर पहुंचे। चोरों ने शोकेस में रखे स्वर्णाभूषण समेट लिए और मौके से फरार हो गए। दुकान से कितने मूल्य के गहने चोरी हुए हैं, इसका अभी आधिकारिक आकलन नहीं हो पाया है। हालांकि, शुरुआती अनुमान करोड़ों रुपये की चोरी का लगाया जा रहा है।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, SIT गठित
एसपी आवास के इतने करीब हुई इस बड़ी चोरी को पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। एसपी जितेंद्र कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले के खुलासे के लिए सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और FSL की ली मदद
चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा जांच में डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की भी मदद ली जा रही है। पुलिस चोरी के तरीके और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर संभावित आरोपितों की तलाश कर रही है।
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह ने बताया कि चोरों ने गैस कटर से शटर काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। फिलहाल चोरी की सही रकम का आकलन किया जा रहा है।
जिला पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि मामले के शीघ्र उद्भेदन के लिए विशेष टीम कार्रवाई कर रही है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।




