Nawada News: जिले में अपराधियों और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। सरकारी कार्रवाई करने पहुंची टीमों को निशाना बनाया जा रहा है। मंगलवार को बालू माफियाओं ने खनन विभाग की टीम पर हमला किया था। वहीं, बुधवार को वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के सोधीपुर गांव में छापेमारी करने पहुंची साइबर थाना की पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस घटना में अवर निरीक्षक (एसआई) रंजन कुमार समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सभी घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार, एसआई रंजन कुमार की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।
साइबर ठगी के आरोपितों की तलाश में पहुंची थी पुलिस
मिली जानकारी के अनुसार, साइबर थाना की पुलिस टीम साइबर ठगी के एक मामले में आरोपितों की तलाश में सोधीपुर गांव पहुंची थी। पुलिसकर्मी गांव में छापेमारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। हमले में एसआई रंजन कुमार सहित पांच पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। हालांकि, हमले में शामिल लोगों की संख्या और घटना के पीछे की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
साइबर डीएसपी मो. शाहनवाज अख्तर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हमले में घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एसआई रंजन कुमार की स्थिति ठीक है।
दो दिनों में सरकारी टीमों पर दूसरी बार हमला
नवादा में 48 घंटे के भीतर सरकारी कार्रवाई करने पहुंची टीम पर हमले की यह दूसरी घटना है। इससे पहले मंगलवार को गोविंदपुर थाना क्षेत्र के करणपुर बालू घाट स्थित सकरी नदी में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची खनन विभाग की टीम को बालू माफियाओं ने निशाना बनाया था।
इस हमले में खान निरीक्षक संतोष प्रकाश झा, खान निरीक्षक सौरभ अभिषेक और एक होमगार्ड जवान घायल हो गए थे। खान निरीक्षक संतोष प्रकाश झा को सबसे अधिक चोटें आई थीं। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था।
सरकारी टीमों की सुरक्षा पर उठे सवाल
लगातार दो दिनों में सरकारी टीमों पर हुए हमलों ने जिले की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्रवाई की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर बालू के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए खनन विभाग की टीम अभियान चला रही है।
दोनों ही मामलों में कार्रवाई करने पहुंची सरकारी टीमों को हमले का सामना करना पड़ा। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर अपराधियों और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के मन में कानून का भय क्यों नहीं है? अब पुलिस की आगे की कार्रवाई और हमलावरों की पहचान पर सभी की नजरें टिकी हैं।


