Palamu News: जिले में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के 10 लाख रुपये के इनामी जोनल कमांडर संजय यादव उर्फ संजय गोदराम उर्फ बुधराम को दो दिनों की पुलिस रिमांड के बाद बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के केमो दुधिया जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि संजय यादव के खिलाफ झारखंड और बिहार में कुल 63 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पलामू में 32, बिहार के औरंगाबाद में 20, गयाजी में 10 और गढ़वा जिले में एक मामला शामिल है। झारखंड सरकार ने उस पर 10 लाख रुपये और बिहार सरकार ने तीन लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
महाराष्ट्र एटीएस ने ठाणे से किया था गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर महाराष्ट्र एटीएस ने छह नवंबर को ठाणे स्थित एक खटाल से संजय यादव को हिरासत में लिया था। इसकी सूचना पलामू पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लेकर आई। पूछताछ के बाद पिपरा थाना पुलिस ने उसे दो दिनों की रिमांड पर लिया था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जंगल से SLR और 290 जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 7.62 एमएम की एक एसएलआर राइफल, इसी बोर के 140 जिंदा कारतूस और थ्री नॉट थ्री के 150 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एसएलआर की तीन खाली मैगजीन, एक राइफल का बट और एक मैगजीन पाउच समेत अन्य सामान भी मिला है।
15 साल तक माओवादी संगठन में रहा संजय
एसपी के मुताबिक, 45 वर्षीय संजय यादव पिछले 15 वर्षों से माओवादी संगठन से जुड़ा हुआ था। वह जोनल कमांडर नितेश यादव के दस्ते में सक्रिय था। जमीन विवाद के कारण वह संगठन में शामिल हुआ था, लेकिन लंबे समय तक संगठन में रहने के बावजूद उसे विवाद में न्याय नहीं मिला। पुलिस के अनुसार, करीब एक महीने पहले उसने संगठन छोड़ दिया और काम की तलाश में मुंबई चला गया था।
कई बड़ी नक्सली घटनाओं में नाम
पुलिस के अनुसार, संजय यादव का नाम वर्ष 2016 में कालापहाड़ में पुलिस बल पर हुए हमले में भी सामने आया था, जिसमें सात पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। इसके अलावा 2020 में चपरवार क्रेशर प्लांट में वाहनों को जलाने, 2019 में हरिहरगंज में भाजपा कार्यालय विस्फोट, लेवी वसूली, हत्या, गोलीबारी और वाहनों में आग लगाने जैसी कई घटनाओं में उसकी संलिप्तता बताई गई है।
पुलिस अब बरामद हथियारों और उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। उसकी गिरफ्तारी को पलामू पुलिस के लिए नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।


