Saharsa News: जिले में स्थित कंदाहा सूर्य मंदिर अपने भीतर इतिहास, पौराणिक मान्यताओं और धार्मिक आस्था की अनूठी विरासत समेटे हुए है। महिषी प्रखंड के कंदाहा गांव में स्थित यह मंदिर 14वीं शताब्दी का माना जाता है। प्राचीन समय में इस गांव को कंचनपुर और सुजालगढ़ के नाम से भी जाना जाता था। ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार मंदिर का निर्माण मिथिला के ओइनवार वंश के राजा हरिसिंह देव के शासनकाल में कराया गया था। वहीं, पौराणिक मान्यता है कि द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब ने इस मंदिर की स्थापना की थी।
काले पत्थर की सूर्य प्रतिमा है खास आकर्षण
मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यहां स्थापित काले पत्थर की दुर्लभ सूर्य प्रतिमा है। इस कलात्मक प्रतिमा में सूर्यदेव के साथ उनकी पत्नियां संज्ञा और छाया विराजमान हैं। प्रतिमा में सूर्यदेव के सात घोड़े और चौदह लगाम भी दर्शाए गए हैं। इसके अलावा माथे के ऊपर मेष राशि का चिह्न बना हुआ है। मंदिर के प्रवेश द्वार की चौखट पर प्राचीन लिपि में की गई नक्काशी भी इतिहासकारों और पुरातत्वविदों के लिए आकर्षण का केंद्र है।
पुरातत्वविदों की नजर में महत्वपूर्ण धरोहर
पुरातत्व निदेशालय, पटना के तत्कालीन पुरातत्वविद अधीक्षण फणिकांत मिश्र ने मंदिर की चौखट पर अंकित लिपि को दुर्लभ बताया था। उनके अनुसार सूर्य प्रतिमा 14वीं शताब्दी की है। वर्ष 1985 में मंदिर का भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के तहत चयन किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस ऐतिहासिक धरोहर का विस्तृत पुरातात्विक अध्ययन जरूरी है।
पौराणिक कुएं से जुड़ी है छठी मैया की आस्था
मंदिर परिसर में मौजूद प्राचीन कुआं भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है। स्थानीय मान्यता है कि इसके पानी से स्नान और सेवन करने से त्वचा तथा घेघा जैसे रोगों में लाभ मिलता है। कुएं की सफाई के दौरान प्राचीन शिलाएं, अवशेष और सूर्य मंत्र अंकित सामग्री मिलने की बात कही जाती है। इसी कुएं से माता षष्ठी यानी छठी मैया की प्रतिमा मिलने की भी मान्यता है। छठ पर्व के खरना के दिन माता षष्ठी की पूजा और इसके बाद सूर्योपासना की परंपरा यहां की विशिष्ट पहचान है।
राजकीय सूर्य महोत्सव का प्रस्ताव अब भी लंबित
मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से जून 2026 में जिला प्रशासन ने बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग को राज्यस्तरीय छठ महापर्व और राजकीय कंदाहा सूर्य महोत्सव आयोजित करने का प्रस्ताव भेजा था। हालांकि, अब तक इस पर कोई अग्रेतर कार्रवाई नहीं हुई है। इस कारण इस वर्ष भी यहां राजकीय स्तर पर महोत्सव आयोजित नहीं हो सका।
महिषी के बीडीओ भरत कुमार सिंह के अनुसार, स्वच्छताग्रहियों के माध्यम से मंदिर और पोखर की साफ-सफाई कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि महोत्सव आयोजन को लेकर अभी तक कोई सरकारी आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के बावजूद कंदाहा सूर्य मंदिर आज भी पर्यटन विकास और सरकारी संरक्षण की प्रतीक्षा कर रहा है।


