Palamu News: जिले में लक्ष्मी पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। रेहला थाना क्षेत्र के रक्साहा गांव और सदर थाना क्षेत्र के सिंदुरिया में विवाद के बाद जमकर बवाल हुआ। स्थिति नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर उग्र भीड़ ने पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग करनी पड़ी। घटना में कई पुलिस अधिकारी और जवान घायल हो गए, जबकि सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
घटना सोमवार 9 नवंबर की रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ को सूचना मिली कि रक्साहा गांव में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां करीब दो से तीन सौ लोगों की भीड़ जमा थी और दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो रही थी।
पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान विश्रामपुर के एसडीपीओ चिरंजीव मंडल भी अपने अंगरक्षकों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन भीड़ में मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल और बिगाड़ दिया। इसके बाद उग्र लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
उधर, सदर थाना क्षेत्र के सिंदुरिया में भी मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई, जिसमें कई लोगों के घायल होने की सूचना है। रक्साहा में स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले हल्का बल प्रयोग किया, लेकिन भीड़ शांत नहीं हुई। इसके बाद पुलिस को आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग करनी पड़ी। फायरिंग के बाद भीड़ तितर-बितर हुई और स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
घटना के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर विश्रामपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया। टीम ने रात में ही छापेमारी कर आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में पिंटू कुमार चौधरी (21), विकास कुमार चौधरी (20), रोहित कुमार चौधरी (20), कंचन कुमार चौधरी (33), विकास चौधरी (23), धर्मदेव चौधरी (22), विनोद चौधरी (44) और विजय कुमार चौधरी (35) शामिल हैं। सभी रक्साहा गांव के निवासी हैं।पुलिस ने मंगलवार को सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
बताया जाता है कि सतबरवा के सिंदुरिया के इलाके में पहले से एक पक्ष काली पूजा का आयोजन करता रहा है। एक अन्य पक्ष के द्वारा पहली बार पूजा का आयोजन किया गया था। डीजे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और मारपीट हुई। पहली बार पूजा रखने वाले पक्ष ने विसर्जन कर दिया था। पुराने पक्ष के लोग विसर्जन कर रहे थे, इसी क्रम में झड़प हो गई और पथराव शुरू हुआ था।
डीएसपी राजेश यादव सहित पुलिस बल बचाव करने गए। इस दौरान भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव किया। पूरे मामले में तीन अलग एफआईआर दर्ज की जा रही है और कार्रवाई की जा रही है। गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है।


