Nalanda News: जिले के भगवान महावीर की निर्वाण स्थली पावापुरी में शनिवार को दो दिवसीय राजकीय पावापुरी महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने ध्वजारोहण कर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान पूरा परिसर जैन धर्म, आध्यात्मिकता, अहिंसा और भारतीय संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।
समारोह की शुरुआत वंदे मातरम और राष्ट्रगान के साथ हुई। उद्घाटन से पहले राज्यपाल दिगंबर जैन मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने ध्वजारोहण किया। इसके बाद विश्व प्रसिद्ध जल मंदिर में भगवान महावीर की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद लिया। जैन समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। मंदिर प्रबंधन की ओर से अरुण कुमार जैन और अजय कुमार जैन ने उन्हें जल मंदिर का प्रतीक चिह्न भेंट किया तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
जैन धर्म का संदेश आज भी प्रासंगिक
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि लगभग 2552 वर्ष पहले भगवान महावीर ने दुनिया को अहिंसा, शांति और मानवता का संदेश दिया था। जैन धर्म ने जिस समय समाज की समस्याओं को समझा और उनके समाधान का मार्ग बताया, उसकी प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। पूरी दुनिया को जैन दर्शन और उसके सिद्धांतों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने भी अहिंसा के इसी विचार को आगे बढ़ाया। भारत की धरती से निकला यह संदेश आज पूरी दुनिया के लिए मार्गदर्शक बन सकता है। राज्यपाल ने पावापुरी की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता की सराहना करते हुए कहा कि बिहार में आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना देखने को मिलती है।
एक साल बाद फिर आने का दिया भरोसा
मीडिया से बातचीत में राज्यपाल ने कहा कि बिहार आने के बाद पहली बार उन्हें जैन मंदिर में दर्शन करने और जैन धर्म को करीब से समझने का अवसर मिला है। उन्होंने इसे अपना सौभाग्य बताते हुए कहा कि वे जैन धर्म के दर्शन और सिद्धांतों का अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने एक वर्ष बाद फिर पावापुरी आने की इच्छा भी जताई।
15 विभागों के स्टॉलों का किया निरीक्षण
उद्घाटन के बाद राज्यपाल ने महोत्सव परिसर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से लगाए गए करीब 15 स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने जीविका, कृषि, आंगनबाड़ी, सामाजिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, पंचायती राज और बाल संरक्षण सहित अन्य विभागों के स्टॉलों पर जाकर योजनाओं की जानकारी ली। अधिकारियों से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आम लोगों को मिल रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।


