Today Post Desk: दीपावली का त्योहार खुशियों, रोशनी और सुख-समृद्धि का प्रतीक है। इस दिन मां लक्ष्मी, भगवान गणेश और मां सरस्वती की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, दीपावली की रात विधि-विधान से पूजा करने पर घर में सुख-समृद्धि, बुद्धि, शांति और तरक्की का आशीर्वाद मिलता है। मां लक्ष्मी को धन और वैभव की देवी, भगवान गणेश को विघ्नहर्ता तथा मां सरस्वती को ज्ञान की देवी माना जाता है।
पूजा के लिए जरूरी सामग्री
दीपावली की पूजा से पहले सभी आवश्यक सामग्री एकत्र कर लेनी चाहिए। इसके लिए मां लक्ष्मी, गणेश और सरस्वती की प्रतिमा या तस्वीर, रोली, कुमकुम, अक्षत, चंदन, फूल, माला, धूप, अगरबत्ती, कपूर, दीपक, रुई, घी, कलावा, नारियल, पान, सुपारी, फल, मिठाई, खील-बताशे, पंचामृत, गंगाजल, कलश, चांदी का सिक्का और पूजा की थाली की व्यवस्था करें।
दीपावली की पूजा विधि
सबसे पहले पूजा स्थल की अच्छी तरह सफाई करें। एक चौकी पर स्वच्छ सफेद या लाल कपड़ा बिछाकर मां लक्ष्मी, भगवान गणेश और मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित करें। इसके बाद पूजा सामग्री व्यवस्थित करके दीपक जलाएं।
पूजा शुरू करने से पहले जल छिड़ककर स्वयं और पूजा स्थल को पवित्र करें। इसके बाद पृथ्वी माता को प्रणाम कर आसन ग्रहण करें। भगवान विष्णु का स्मरण करते हुए आचमन करें और मन को शांत कर पूजा का संकल्प लें।
संकल्प के समय हाथ में जल, अक्षत, पुष्प और एक सिक्का लेकर अपना नाम, स्थान तथा पूजा का उद्देश्य बोलें। इसके बाद सबसे पहले भगवान गणेश और माता गौरी की पूजा करें। फिर कलश, नवग्रह और षोडश मातृकाओं का पूजन करें। सभी देवी-देवताओं को तिलक, अक्षत और पुष्प अर्पित करें।
मां लक्ष्मी को अर्पित करें दीप और भोग
इसके बाद मां महालक्ष्मी की पूजा शुरू करें। भगवान गणेश और मां लक्ष्मी के सामने सात, 11 या 21 दीपक जलाएं। मां को फूल, माला, चंदन और श्रृंगार सामग्री अर्पित करें। इसके बाद फल, मिठाई, खील-बताशे का भोग लगाएं।
पूजा के दौरान श्रीसूक्त, लक्ष्मीसूक्त और कनकधारा स्तोत्र का पाठ करना शुभ माना जाता है। अंत में परिवार के सभी सदस्यों के साथ मां लक्ष्मी, गणेश और सरस्वती की आरती करें।
पूजा के बाद करें क्षमा प्रार्थना
पूजा संपन्न होने के बाद जाने-अनजाने में हुई गलतियों के लिए देवी-देवताओं से क्षमा मांगें। श्रद्धापूर्वक प्रार्थना करें कि पूजा में हुई त्रुटियों को स्वीकार कर मां लक्ष्मी परिवार पर अपनी कृपा बनाए रखें। धार्मिक मान्यता है कि दीपावली पर श्रद्धा, स्वच्छता और सच्चे मन से की गई पूजा से घर में सकारात्मकता और सुख-शांति का वातावरण बनता है।


