Bhojpur News: जिले में कस्टम विभाग के सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त रामकुमार सिंह हत्याकांड में शुक्रवार की सुबह बड़ा घटनाक्रम सामने आया। हत्याकांड के मुख्य शूटर पवन यादव और पुलिस के बीच मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सारंगपुर मोड़ के समीप मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पवन यादव के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।
घायल आरोपित की पहचान आरा के नवादा थाना क्षेत्र स्थित चंदवा हाउसिंग कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय पवन यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित के अनुसार, रामकुमार सिंह हत्याकांड में गिरफ्तार पवन यादव से पूछताछ के दौरान हत्या में इस्तेमाल हथियार छिपाने की जगह का पता चला था। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर हथियार बरामद करने निकली थी।
इसी दौरान सारंगपुर मोड़ के पास पवन यादव ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस का दावा है कि आरोपित ने भागने की कोशिश भी की। उसकी चलाई एक गोली पुलिस वाहन के बोनट पर लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पवन यादव के दाहिने पैर में गोली लग गई।
एसडीपीओ सदर-1 सुशील कुमार ने बताया कि हत्याकांड में कुल तीन शूटरों की संलिप्तता सामने आई है। पवन यादव शुक्रवार को पटना भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
15 अक्टूबर को हुई थी सेवानिवृत्त अधिकारी की हत्या
गौरतलब है कि 15 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब छह बजे आरा के नवादा थाना क्षेत्र स्थित कनकपुरी मोहल्ले में जैन कॉलेज के पूर्वी द्वार के समीप अपराधियों ने रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मृतक की पत्नी के बयान पर नवादा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच के लिए एसपी के निर्देश पर एसआईटी गठित की गई थी।
अब तक कई आरोपितों की हो चुकी है गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में अब तक मनोज कुमार सिंह उर्फ लक्की, चंदन सिंह, अभिषेक कुमार, टीपू और पिंटू कुमार सहित कई आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पिंटू कुमार को कोईलवर इलाके से पकड़ा गया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस को अन्य आरोपितों तक पहुंचने में मदद मिली। उसके घर से एक देसी कट्टा और दो कारतूस भी बरामद किए गए थे।
वहीं, चंदन सिंह और अभिषेक कुमार को कोलकाता हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अब पवन यादव से पूछताछ कर हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों और हथियारों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई को मामले की जांच में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।


