Palamu News: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पलामू में होमगार्ड कार्यालय के मुंशी सकेन्द्र उर्फ साकेश कुजूर को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित मुंशी पर होमगार्ड जवान को ड्यूटी का कमान देने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी की इस कार्रवाई के बाद होमगार्ड कार्यालय समेत अन्य सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पलामू के एक होमगार्ड जवान को ड्यूटी के लिए कमान की आवश्यकता थी। इसी सिलसिले में वह होमगार्ड कार्यालय पहुंचा था। आरोप है कि कार्यालय में कार्यरत मुंशी सकेन्द्र उर्फ साकेश कुजूर और तुलसी ने ड्यूटी का कमान उपलब्ध कराने के बदले उससे 10 हजार रुपये की मांग की।
बताया जाता है कि जवान ने जब इस संबंध में संबंधित अधिकारी से बातचीत की, तो वहां से भी उसे चार महीने में करीब एक लाख 20 हजार रुपये मिलने का हवाला देते हुए 10 हजार रुपये देने में कोई परेशानी नहीं होने की बात कही गई। हालांकि, जवान ने रिश्वत देकर अपना काम कराने से साफ इनकार कर दिया।
इसके बाद पीड़ित जवान ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पलामू के पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसीबी की टीम ने मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक सत्यापन के दौरान मुंशी सकेन्द्र उर्फ साकेश कुजूर द्वारा ड्यूटी का कमान देने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
इसके आधार पर एसीबी पलामू थाना कांड संख्या 06/2026, दिनांक 4 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
निर्धारित योजना के तहत दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में एसीबी के धावादल ने कार्रवाई की। जैसे ही आरोपित मुंशी ने शिकायतकर्ता जवान से 10 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए, टीम ने उसे मौके पर ही रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपित के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। एसीबी की इस कार्रवाई को सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


