Khunti News: झारखंड के खूंटी जिले में तीन नाबालिग लड़कियों से दु/ष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल दो अन्य आरोपित अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गोपाल मुंडा उर्फ राहुल उर्फ चुड़ू (19), मनसा टूटी उर्फ टाना (18) और मनीष लोहरा (18) के रूप में हुई है। मुख्य आरोपित की एक पीड़िता से पहले से जान-पहचान थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपितों ने सोमवार को दो सगी बहनों समेत तीन नाबालिग लड़कियों को घूमने के बहाने अपने साथ ले गए थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपित तीनों लड़कियों को मारंगहादा थाना क्षेत्र में ले गए। वहां देर शाम दो पीड़िताओं को घर पहुंचाने का झांसा देकर आरोपित उन्हें अलग-अलग स्थानों पर ले गए और उनके साथ दु/ष्कर्म किया। इसके बाद मंगलवार की अहले सुबह दोनों पीड़िताओं को खूंटी लाकर छोड़ दिया गया।
घटना के बाद दोनों पीड़िताएं महिला थाना पहुंचीं और पुलिस को पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके साथ गई तीसरी नाबालिग को आरोपितों ने मारंगहादा थाना क्षेत्र के गाड़ीगांव बाड़ेडीह स्थित एक अर्धनिर्मित फार्म हाउस में रोककर रखा है।
छापेमारी कर बंधक बनाई गई बच्ची को कराया मुक्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। मारंगहादा थाना पुलिस के सहयोग से बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने तीसरी नाबालिग को सकुशल मुक्त करा लिया और मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।इस मामले में खूंटी महिला थाना में पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी, दो केटीएम बाइक, तीन मोबाइल फोन और आरोपितों के कपड़े बरामद कर जब्त किए हैं।
दो फरार आरोपितों की तलाश जारी
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि मामले में शामिल अन्य दो आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रभात कुमार बेक, महिला थाना प्रभारी निशा कुमारी, मारंगहादा थाना प्रभारी जुगेश कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।


