Chatra News: झारखंड के चतरा जिले के गिद्धौर प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में एक दुखद घटना सामने आई है। विद्यालय में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा प्रियंका कुमारी की सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी। मृत छात्रा की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के सिमरातरी गांव निवासी प्रियंका कुमारी, पिता संतोष भुईयां के रूप में हुई है। बताया जाता है कि घटना सोमवार रात करीब नौ बजे की है।
भोजन के लिए नहीं पहुंची तो सहेलियों ने की तलाश

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 8:30 बजे छात्रावास की सभी छात्राएं भोजन करने के लिए नीचे आई थीं। इसी दौरान सहपाठियों ने देखा कि प्रियंका भोजन करने नहीं पहुंची है। इसके बाद उसकी कुछ सहेलियां उसे बुलाने के लिए कमरे में गईं। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर छात्राएं घबरा गईं। प्रियंका फां/सी के फंदे से लटकी हुई थी।
छात्राओं ने तत्काल इसकी जानकारी विद्यालय की शिक्षिकाओं को दी। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन की ओर से आनन-फानन में छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिद्धौर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए चतरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
छुट्टी बिताकर 28 नवंबर को लौटी थी विद्यालय
बताया जाता है कि प्रियंका 28 नवंबर को छुट्टी बिताने के बाद अपने घर से विद्यालय लौटी थी। घटना के बाद छात्रा की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
प्रशासन और पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद अंचल अधिकारी अनंत श्यामल विश्वकर्मा और थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री सोमवार रात विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यालय परिसर का जायजा लिया और संबंधित लोगों से जानकारी जुटाई।
पुलिस छात्राओं, शिक्षिकाओं और विद्यालय प्रबंधन से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। छात्रा की मौत से विद्यालय की छात्राओं और शिक्षकों में शोक का माहौल है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


