Giridih News: जिले में दुर्गा पूजा के समापन के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ। हीरोडीह थाना क्षेत्र के मानिकबाद में मगही गायक रौशन रोही और भोजपुरी गायिका निशा दूबे के कार्यक्रम में अचानक पथराव शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए लाठियां भांजनी पड़ीं। घटना में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। कलाकारों को भी मामूली चोट लगने की बात कही गई है।
हजारों की भीड़ जुटने से बिगड़े हालात

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात मानिकबाद में रौशन रोही और निशा दूबे के कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। दोनों कलाकारों को देखने और उनका प्रदर्शन सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल पर हजारों की भीड़ जुटने के कारण व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कलाकारों को नजदीक से देखने के लिए लोगों के बीच आगे बढ़ने की होड़ लग गई। इसी दौरान कुछ लोगों के बीच पहले कहासुनी और गाली-गलौज हुई। देखते ही देखते विवाद धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गया। युवकों के दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे पूरे कार्यक्रम परिसर में फैल गया।
बैरिकेडिंग तोड़ मंच पर चढ़े लोग
हंगामे के दौरान भीड़ ने सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके बाद सौ से अधिक लोग मंच पर चढ़ गए। अचानक बिगड़े हालात के बीच कुछ लोगों ने मंच की ओर पथराव शुरू कर दिया। इससे कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। कलाकारों को असुरक्षित महसूस होने लगा और पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं।
स्थिति को बेकाबू होता देख पुलिस ने सख्ती दिखाई। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठियां चलाई गईं और लोगों को कार्यक्रम स्थल से खदेड़ा गया। इसके बाद आयोजकों ने कार्यक्रम बंद कर दिया।
पांच लोगों को हिरासत में लिया गया
खोरीमहुआ के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मानिकबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भीड़ अनियंत्रित हो गई थी। बड़ी संख्या में लोग मंच पर चढ़ गए और इसी बीच पथराव की घटना हुई। उन्होंने बताया कि दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि कलाकारों को मामूली चोटें आई हैं।
एसडीपीओ के अनुसार, घटना में आम लोगों के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। कार्यक्रम में हुए हंगामे के कारण सांस्कृतिक आयोजन बीच में ही बंद करना पड़ा।


