Sasaram News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को रोहतास जिले को सड़क और जल संरक्षण से जुड़ी दो महत्वपूर्ण सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने सासाराम में बेदा से मोकर तक सिंचाई नहर के बांध पर निर्मित दो-लेन सासाराम बाईपास पथ का लोकार्पण किया। इस परियोजना में रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) सहित अन्य निर्माण कार्य भी शामिल हैं। करीब 122.39 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस बाईपास के चालू होने से शहर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
लोकार्पण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने बाईपास के समीप कायाकल्प अभियान के तहत जीर्णोद्धार किए गए पोखर का निरीक्षण किया। उन्होंने पोखर की साफ-सफाई, जीर्णोद्धार और जल संरक्षण के लिए किए गए कार्यों की जानकारी अधिकारियों से ली। मुख्यमंत्री ने जलस्रोतों के नियमित रखरखाव और उनकी उपयोगिता बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इसी दौरान मुख्यमंत्री ने कायाकल्प अभियान के तहत ‘रोहतास जल संजीवनी’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में मौजूद तालाबों, पोखरों, जलाशयों और अन्य पारंपरिक जलस्रोतों का संरक्षण और पुनर्जीवन करना है। इसके तहत जलस्रोतों की साफ-सफाई, जीर्णोद्धार और नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि बारिश के पानी का अधिक से अधिक संग्रहण और संरक्षण किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जिले के जलस्रोतों को अतिक्रमण और प्रदूषण से मुक्त रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही तालाबों और पोखरों की नियमित सफाई एवं रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जलस्रोतों के संरक्षण में स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।
सरकार का उद्देश्य पारंपरिक जलस्रोतों को फिर से उपयोगी बनाकर जल संरक्षण को मजबूत करना है। इससे बारिश के पानी को संरक्षित करने के साथ भूजल स्तर को बनाए रखने में भी मदद मिल सकती है। मुख्यमंत्री ने जलस्रोतों के संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों के लिए भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री सह रोहतास जिले के प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी, उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक वशिष्ठ सिंह, विधायक मुरारी प्रसाद गौतम सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और राज्य की कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा समेत कई वरीय अधिकारी भी उपस्थित थे।


