Nawada News: नवादा विधि महाविद्यालय में एलएलएम की पढ़ाई शुरू होने का इंतजार कर रहे विधि छात्रों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय विधिज्ञ परिषद (BCI) ने नवादा विधि महाविद्यालय और मगध विश्वविद्यालय के विधि संकाय में एलएलएम पाठ्यक्रम शुरू करने की अनुमति दे दी है। अब पाठ्यक्रम को औपचारिक रूप से शुरू करने के लिए राज्यपाल सह कुलाधिपति की स्वीकृति आवश्यक है।
मंगलवार को विधि छात्रों के आग्रह पर नवादा विधि महाविद्यालय में विशेष प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें प्राचार्य डॉ. धर्मानंद मिश्रा ने एलएलएम पाठ्यक्रम को लेकर मौजूदा स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय की ओर से पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए निर्धारित आवश्यक अहर्ताएं पूरी कर ली गई हैं।

प्राचार्य के अनुसार, महाविद्यालय की तैयारियों और आवश्यक मानकों को पूरा करने के बाद भारतीय विधिज्ञ परिषद की ओर से एलएलएम पाठ्यक्रम संचालित करने की स्वीकृति दी गई। इसके बाद अब पाठ्यक्रम से जुड़े ऑर्डिनेंस एंड रेगुलेशन को मंजूरी मिलने का इंतजार है।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि ऑर्डिनेंस एंड रेगुलेशन का मामला फिलहाल बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति के स्तर पर लंबित है। इसमें पाठ्यक्रम के संचालन से जुड़े नियम और विनियम शामिल हैं। राज्यपाल की स्वीकृति मिलते ही एलएलएम की पढ़ाई शुरू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
इधर, एलएलएम पाठ्यक्रम शुरू होने में देरी को लेकर छात्रों में असंतोष भी है। छात्रों का कहना है कि जब बीसीआई से मंजूरी मिल चुकी है और महाविद्यालय ने आवश्यक अहर्ताएं पूरी कर ली हैं, तो अब राजभवन स्तर से भी जल्द निर्णय लिया जाना चाहिए। छात्रों ने संकेत दिया है कि यदि प्रक्रिया में और देरी हुई तो वे आंदोलनात्मक कदम उठाने पर विचार कर सकते हैं।
प्राचार्य डॉ. मिश्रा ने छात्रों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि महाविद्यालय स्तर से आवश्यक तैयारियां पूरी हैं। राज्यपाल की स्वीकृति मिलते ही एलएलएम पाठ्यक्रम शुरू कराने के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रेस वार्ता में प्राचार्य ने महाविद्यालय की एक अन्य उपलब्धि का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली में आयोजित विशेष विधि सेमिनार में नवादा विधि महाविद्यालय के 22 विद्यार्थी और सात शिक्षक हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने इसे विद्यार्थियों और संस्थान के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया।
मौके पर संतोष कुमार समेत महाविद्यालय से जुड़े अन्य लोग उपस्थित रहे।


