Ranchi News: निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को रांची में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पार्टी के राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए निर्वाचन आयोग के कार्यालय का घेराव किया।
कांग्रेस कार्यकर्ता पुराना विधानसभा परिसर से जुलूस के रूप में निकले। हाथों में पार्टी के झंडे और विभिन्न मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर कार्यकर्ता निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धुर्वा स्थित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद जुलूस सभा में तब्दील हो गया। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार समेत अन्य के पुतले भी जलाए गए।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, एसआईआर तथा मतदाता सूची में किए जा रहे बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा कराने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब निर्वाचन आयोग को देना चाहिए।
निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की मजबूत बुनियाद : मरावी
कांग्रेस के सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था लोकतंत्र की मजबूत बुनियाद है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर लोगों के मन में सवाल हैं तो निर्वाचन आयोग को पारदर्शिता के साथ उनका जवाब देना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दलों और आम लोगों की चिंताओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई।
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक को बिना भेदभाव मतदान का अधिकार मिलना जरूरी है। उपनेता राजेश कच्छप ने मतदाता सूची को लोकतंत्र का बुनियादी दस्तावेज बताया।
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि मतदाता के अधिकार से जुड़े विषयों में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भी पात्र मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किए जाने की बात कही। पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू समेत कई कांग्रेस नेता प्रदर्शन में शामिल हुए।
कांग्रेस के अनुसार, रांची के अलावा झारखंड के विभिन्न जिला मुख्यालयों पर भी इसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किए गए।


