Koderma News: कोडरमा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया। कोडरमा – हजारीबाग-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन की पिछली बोगी में अचानक लगी आग की घटना के बाद प्लेटफार्म पर थेड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हलांकि सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस बल और अन्य रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने के कारण आग को ज्यादा फैलने से रोक लिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद क्षतिग्रस्त बोगी को काटकर हटा दिया गया। और फिर ट्रेन का गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
ट्रेन संख्या 53373 कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन गुरुवार की सुबह करीब 12 .30 बजे बरकाकाना से कोडरमा पहुंची थीं, और
प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर खड़ी थी। दोपहर 3:20 बजे कोडरमा से रवाना होने वाली थी। इसी दौरान यात्रियों ने सबसे पीछे वाली दिव्यांग बोगी से धुआं निकलते देखा। उन्होंने तत्काल रेलकर्मियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलकर्मी सक्रिय हुए और आरपीएफ कर्मियों की मदद से रेलकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। फायर स्टिंगर और रेल परिसर में लगे नल से पाइप के जरिए पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। स्थिति को देखते हुए दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। कुछ देर बाद पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बोगी में लगी आग को पूरी तरह बुझा दिया।
जिस अंतिम कोच में आग लगी, वह दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित था और घटना के समय उसमें कोई यात्री सवार नहीं था। ट्रेन की अन्य बोगियों में यात्री मौजूद थे। समय रहते धुआं दिखाई देने और कोच को तत्काल अलग किए जाने से आग दूसरी बोगियों तक नहीं पहुंच सकी।स्टेशन मास्टर विकास कुमार ने बताया कि ट्रेन के रवाना होने से कुछ समय पहले अंतिम बोगी से धुआं निकलने की सूचना मिली थी। इसके बाद रेलकर्मियों ने बोगी को अलग कर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। बाद में दमकल की टीम ने पहुंचकर आग को पूरी तरह बुझा दिया।
प्रारंभिक जांच में बोगी के गेट पर लगे पैनल में शॉर्ट सर्किट की वज़ह से आग लगने की बात कही जा रही है। घटना की जांच को लेकर धनबाद रेल प्रमंडल डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने देर शाम कोडरमा पहुॅच घटना की जानकारी लेकर जांच के निर्देश दिए है।


