Palamu News: जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के घुटुआ जंगल में बुधवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के बंजारी गांव निवासी 26 वर्षीय पंकज उरांव के रूप में हुई है। युवक के गले पर धारदार हथियार से काटे जाने के निशान मिले हैं, जबकि चेहरा पत्थर से कुचला हुआ था। परिजनों ने पैर में मिली चप्पल, हाथ पर बने टैटू और चांदी के ब्रेसलेट के आधार पर शव की पहचान की।
जानकारी के अनुसार पंकज 19 सितंबर की शाम करीब पांच बजे बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 22 सितंबर को परिजनों ने पाटन थाना में पंकज के लापता होने की सूचना दर्ज कराई।
इधर, 23 सितंबर की सुबह लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के एकता के घने जंगल में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही एएसआई हरेंद्र प्रसाद पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना की सूचना मिलने के बाद पंकज के परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव की हालत काफी खराब थी। कई दिनों से जंगल में पड़े रहने के कारण शव पर कीड़े लग चुके थे। परिजनों ने पैर में मौजूद चप्पल, हाथ पर बने टैटू और एक हाथ में पहने चांदी के ब्रेसलेट को देखकर उसकी पहचान पंकज उरांव के रूप में की।
परिजनों के अनुसार पंकज का पिछले दो-तीन महीने से पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। विवाद के कारण उसकी पत्नी चियांकी स्थित महादेव माड़ा में अपने मायके में रह रही थी। परिजनों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले पंकज पत्नी को वापस घर लाने के लिए उसके मायके गया था, लेकिन वह ससुराल लौटने के लिए तैयार नहीं हुई।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है। उन्होंने ससुराल पक्ष से जुड़े पहलुओं की भी जांच करने का आग्रह किया है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के बाद ही युवक की मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा। घटना के बाद पंकज के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


