Saran News: छपरा शहर के पुलिस लाइन स्थित हवाई अड्डा परिसर के पास हुई सचिन कुमार की हत्या का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम-प्रसंग को लेकर हुए विवाद में सचिन की हत्या उसके ही दोस्त मनोहर कुमार ने की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वह मृतक के गांव का ही रहने वाला बताया जा रहा है।
घटना की सूचना देर रात करीब 12 बजे मिठाई दुकान के मालिक संतोष कुमार ने पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, नगर थाना पुलिस और एसडीपीओ रामपुकार सिंह मौके पर पहुंचे। हवाई अड्डा परिसर के सुनसान इलाके में पुलिस को सचिन का शव मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।
ऑटो सवार बदमाशों की कहानी बताकर गुमराह किया
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद सचिन के साथ मौजूद मनोहर ने शुरुआती पूछताछ में पुलिस को बताया कि ऑटो सवार अज्ञात अपराधियों ने मोबाइल छीनने के दौरान सचिन की हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस को उसके बयान पर संदेह हुआ।
जांच के दौरान मनोहर के बयानों में कई विरोधाभास मिले। उसके शरीर, कान और कपड़ों पर खून के निशान पाए गए। इसके अलावा उसकी अंगुली पर दांत से काटे जाने का जख्म भी मिला। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मनोहर की बताई कहानी सही नहीं पाई गई।
शराब पिलाकर सुनसान जगह ले गया
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, मनोहर और सचिन दोनों एक ही लड़की से बातचीत करते थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। सचिन मनोहर पर लड़की से बातचीत बंद करने का दबाव बनाता था।
पुलिस के अनुसार, घटना वाली शाम मनोहर ने दुकान मालिक से पैसे लिए और सचिन को शराब पिलाई। इसके बाद वह उसे हवाई अड्डा परिसर के सुनसान इलाके में ले गया। वहां दोनों के बीच विवाद और हाथापाई हुई। इसी दौरान सचिन ने मनोहर की अंगुली काट ली। बाद में सचिन के गिरने पर मनोहर ने पास पड़ी ईंट से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के पास से खून लगे कपड़े और घटना में इस्तेमाल की गई ईंट बरामद की है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


