Patna News: बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जन सुराज ने रविवार को अपने समर्थित पांच उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। पार्टी के सूत्रधार एवं बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया।
जन सुराज की ओर से पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से दिव्या ज्योति, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एसपी राय, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रवीन्द्र यादव, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आफाक अहमद और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने बताया कि तिरहुत शिक्षक एवं स्नातक तथा पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशियों की घोषणा अगले तीन-चार दिनों में की जाएगी।
शिक्षकों की तीन प्रमुख मांगों को लेकर घोषणा
प्रेस वार्ता में प्रशांत किशोर ने कहा कि शिक्षकों की स्थिति में सुधार के लिए बिहार की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से शिक्षक वेतनमान, शिक्षक भर्ती परीक्षा, गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की ड्यूटी और वित्त रहित-वित्त पोषित संस्थानों से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समुदाय अलग-अलग संगठनों में बंटा हुआ है। जन सुराज सभी शिक्षक संगठनों को एक मंच पर लाकर संघर्ष समिति बनाने की दिशा में काम करेगा। इसके तहत शिक्षकों की तीन प्रमुख मांगों को लेकर अगले दो-तीन वर्षों तक आंदोलन चलाने की बात कही गई।
प्रशांत किशोर ने जिन तीन मांगों को प्रमुखता से रखा, उनमें 7वां वेतनमान लागू कराना, वित्त रहित एवं वित्त पोषित शिक्षकों को शिक्षक श्रेणी में समायोजित करना और शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाने के लिए मानक तय करना शामिल है।
उन्होंने कहा कि ये केवल शिक्षकों की मांग नहीं, बल्कि जन सुराज की भी मांग होगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी इन मुद्दों को सरकार के सामने उठाएगी और लोकसभा चुनाव से पहले इन्हें लागू कराने के लिए प्रयास करेगी।
स्नातक मतदाताओं से भी किया रोजगार का वादा
प्रशांत किशोर ने स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं से भी अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज समर्थित प्रत्याशी विधान परिषद पहुंचता है, तो वहां 10 हजार बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी जन सुराज, निर्वाचित प्रत्याशी और उनकी होगी।
उन्होंने कहा कि रोजगार और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को विधान परिषद में मजबूती से उठाने के लिए पार्टी काम करेगी।


