Nawada News: जिले के रजौली थाना क्षेत्र के सिमरकोल के पास से अपहृत पप्पू राय को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर झारखंड के कोडरमा से सकुशल बरामद कर लिया। अपहरण की साजिश में लाइनर की भूमिका निभाने के आरोप में पुलिस ने रजौली थाना क्षेत्र के मसई निवासी अंकित कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अंकित ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की जानकारी मिली है जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
नवादा एसपी अभिनव धीमान ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि बुधवार को पप्पू राय टोटो से जा रहे थे। इसी दौरान सिमरकोल के पास बोलेरो सवार अपराधियों ने उन्हें जबरन वाहन में बैठाया और अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पप्पू राय के पुत्र निखिल कुमार ने रजौली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए रजौली के अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को अंकित कुमार की भूमिका संदिग्ध मिली। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपहरण की घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की और पप्पू राय के ठिकाने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कोडरमा पहुंची पुलिस, सुरक्षित मिला पप्पू राय
अंकित से मिली जानकारी और तकनीकी जांच के आधार पर गुरुवार काे पुलिस टीम झारखंड के कोडरमा पहुंची। वहां कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पप्पू राय को सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी। जानकारी अनुसार अपहरणकर्ता फिरौती की रकम लेकर कोडरमा बुला रहे थे। जिसके बाद कोडरमा पुलिस के सहयोग से कोडरमा में नाकेबंदी कर रखा था। पुलिस दबिश देख अपहरणकर्ता पप्पु राय को छोड़ भाग निकले।
80 लाख रुपए फिरौती मांगने का आरोप
एसपी ने बताया कि अपहरण के बाद पप्पू राय की रिहाई के बदले 80 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी। पुलिस जांच में फिरौती की रकम मांगने में भी गिरफ्तार लाइनर अंकित कुमार की भूमिका सामने आई है।
पुलिस अब अपहरण की पूरी साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। बोलेरो में कौन-कौन लोग शामिल थे, अपहरण की योजना कैसे बनाई गई और पप्पू राय को कोडरमा तक कैसे ले जाया गया, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।


