Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में रविवार की अहले सुबह अपराधियों ने एक स्कूल को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। चंद्रशील विद्यापीठ स्कूल के मुख्य द्वार और बाउंड्री वॉल पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने करीब 22 राउंड गोलियां चलाईं। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। घटना के पीछे रंगदारी की मांग को प्रमुख वजह माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने फायरिंग से पहले स्कूल के मुख्य गेट पर एक धमकी भरा पर्चा चस्पा किया। पर्चे में स्कूल प्रशासन से 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई है। साथ ही मांग पूरी नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। पर्चा चिपकाने के बाद बदमाशों ने स्कूल के आसपास घूमकर कई राउंड फायरिंग की और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
सुबह-सुबह गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी और कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से कई खोखे बरामद किए। स्कूल की बाउंड्री वॉल, दीवार और मुख्य गेट पर गोलियों के निशान भी मिले हैं।
सीसीटीवी में दिखे दो बाइक सवार
पुलिस ने स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में हेलमेट पहने दो बाइक सवार युवक नजर आए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों पहले स्कूल के मुख्य गेट पर रंगदारी वाला पर्चा चिपकाते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उन्होंने स्कूल के आसपास फायरिंग की और बाइक से फरार हो गए।
एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि अपराधियों के आने और भागने वाले रास्तों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस रंगदारी की मांग के अलावा स्कूल से जुड़े संभावित जमीनी विवाद और अन्य कारणों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।


