Dhanbad News: धनसार थाना क्षेत्र में चोरों ने एक रेलवे कर्मचारी के बंद आवास को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर घर के मुख्य दरवाजे समेत कई तालों को तोड़कर अंदर घुसे और करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण तथा 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना बरमसिया स्थित यमुना विहार कॉलोनी में फुटबॉल मैदान के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, रेलवे कर्मचारी सुधीर कुमार प्रसाद अपने पूरे परिवार के साथ सप्तमी पूजा समारोह में शामिल होने के लिए बिहार के गोपालगंज गए हुए थे। घर बंद था और उसकी देखभाल के लिए एक महिला को जिम्मेदारी दी गई थी। गुरुवार सुबह जब महिला आवास पर पहुंची तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखकर उसके होश उड़ गए।
महिला ने तुरंत इसकी जानकारी मकान मालिक को दी। इसके बाद सुधीर कुमार प्रसाद ने अपने करीबी रिश्तेदारों को घटना की सूचना दी। दोपहर में जब रिश्तेदार घर पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी और घर के दूसरे स्थानों पर रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले।
परिजनों के मुताबिक, चोरों ने मुख्य दरवाजे पर लगे तीन तालों को तोड़ने के साथ-साथ घर के अंदर लगे अन्य तालों को भी क्षतिग्रस्त किया। इसके बाद चोरों ने पूरे घर को खंगाला और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। परिवार के अनुसार करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं।
परिजनों ने बताया कि चोरी गए सामान में छोटे भाई की शादी के लिए खरीदे गए जेवरात के अलावा बर्तन और कपड़े भी शामिल हैं। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, शादी की तैयारी के लिए सामान घर में रखा गया था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घर के अंदर और आसपास के इलाके का जायजा लिया है। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
अधिवक्ता और परिवार के सदस्य प्रभाकर प्रसाद ने बताया कि घर के सभी लोग पूजा समारोह में शामिल होने के लिए बिहार गए हुए थे। इसी दौरान बंद घर का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब चोरी की इस घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।


