Giridih News: बगोदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब हेसला के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) नेता मिथिलेश यादव (27) का शव पड़ा मिला। उनके माथे के बीचोंबीच गोली लगने का निशान था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे एक व्यक्ति मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। इसी दौरान उसकी नजर हाईवे के बीच पड़े युवक के शव पर गई। उसने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर बगोदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बगोदर प्रमुख आशा महतो समेत कई जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करते हुए हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाने की तैयारी की जा रही है।
मिथिलेश यादव की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। इससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। प्रदर्शन कर रहे लोग हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
मिथिलेश यादव हेसला गांव के रहने वाले थे। वह राष्ट्रीय राजमार्ग के पास सर्विस सेंटर की दुकान चलाते थे। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार देर रात मिथिलेश अपनी मां से दुकान पर सोने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद शुक्रवार सुबह उनका शव हाईवे के बीच मिला। इससे परिवार में कोहराम मच गया।
एसडीपीओ धनंजय राम ने बताया कि पुलिस हत्या के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुकान से निकलने के बाद मिथिलेश किन लोगों के संपर्क में थे और उन्हें घटनास्थल तक कैसे लाया गया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।


