होटल मैनेजर और कथित ब्रोकर भी पकड़े गए, आपत्तिजनक सामग्री व वाहन जब्त, 3 पीड़िताएं बरामद
Koderma News: जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां मोड़ स्थित बाबा होटल में अनैतिक देह व्यापार की सूचना पर कोडरमा पुलिस ने शनिवार रात छापेमारी की। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन पीड़िताओं को बरामद कर मुक्त कराया गया। मामले में कथित ब्रोकर और होटल मैनेजर को भी हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार लोगों में
रंजीत कुमार, बिरेन्द्र कुमार, मो. एहतेशाम, कैलाश प्रसाद वर्मा और रवि कुमार शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक कोडरमा को 1 अगस्त की रात होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी, तिलैया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान होटल के कमरों की तलाशी ली गई, जहां से तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया। पुलिस ने मौके से रंजीत कुमार, बिरेन्द्र कुमार और मो. एहतेशाम को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान कथित बिचौलिये की भूमिका निभाने के आरोप में कैलाश प्रसाद वर्मा तथा होटल के मैनेजर रवि कुमार को भी हिरासत में ले लिया गया। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में होटल में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की आशंका सामने आई है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। पुलिस होटल के दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके।
मुक्त कराई गई तीनों पीड़िताओं को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि पीड़िताओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तरह के संगठित अपराध में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल परिसर से शराब की बोतलें, बीयर, सिगरेट, कुछ टैबलेट, कंडोम के पैकेट समेत अन्य सामान बरामद किए हैं। पुलिस ने होटल का आगंतुक पंजी और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामान की जांच की जा रही है।
पुलिस ने होटल परिसर से दो चारपहिया वाहन और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार मामले में चंदवारा थाना में संबंधित धाराओं और अधिनियमों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कोडरमा पुलिस ने कहा कि जिले में अनैतिक देह व्यापार, अवैध शराब, मानव तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने ऐसी गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल जानकारी देने की अपील की है।


