Patna News: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। पार्टी ने युवा नेता और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार बंटी को चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा के इस फैसले को युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने और संगठन में लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मान देने के रूप में देखा जा रहा है।
बांकीपुर विधानसभा सीट को भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है। ऐसे में पार्टी ने ऐसे नेता पर भरोसा जताया है, जो वर्षों से संगठन के विभिन्न पदों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। अभिषेक कुमार बंटी को भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य नितिन नवीन का करीबी भी माना जाता है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अभिषेक कुमार का चयन केवल संगठनात्मक अनुभव के आधार पर ही नहीं, बल्कि सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर भी किया गया है। अभिषेक कायस्थ समाज से आते हैं और बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में इस समाज के मतदाताओं की अच्छी संख्या है। ऐसे में भाजपा को उम्मीद है कि उनकी उम्मीदवारी से चुनावी मुकाबले में पार्टी को लाभ मिलेगा।
अभिषेक कुमार बंटी ने भाजपा में अपनी राजनीतिक यात्रा मंडल स्तर से शुरू की थी। उन्होंने मंडल मंत्री, मंडल महामंत्री, पटना महानगर भाजयुमो अध्यक्ष और वर्तमान में भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक दायित्व निभाए हैं। सदस्यता अभियान, युवा कार्यक्रमों के संचालन, जनसंपर्क अभियान और विभिन्न राजनीतिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी उम्मीदवारी का स्वागत करते हुए इसे समर्पित कार्यकर्ताओं के सम्मान का निर्णय बताया है। पार्टी का मानना है कि अभिषेक की संगठनात्मक क्षमता, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल और जनता के बीच मजबूत पकड़ चुनाव में भाजपा की स्थिति को और मजबूत करेगी।
पटना के बोरिंग रोड निवासी अभिषेक कुमार बंटी पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। उनकी उम्मीदवारी को भाजपा की नई पीढ़ी के नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई थी। निर्वाचन आयोग द्वारा इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। राजधानी पटना की इस हाई-प्रोफाइल सीट पर भाजपा और विपक्षी दलों के बीच दिलचस्प मुकाबले की संभावना है। उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं और आने वाले दिनों में प्रचार अभियान भी रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है।


