सीसीटीवी में बाइक सवार दो संदिग्ध कैद, घटनास्थल से तीन खोखे बरामद; कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों को काम बंद करने की धमकी
Hazaribagh News: जिले में कोयला कारोबार से जुड़ी कंपनी को निशाना बनाकर गोलीबारी किए जाने का मामला सामने आया है। केरेडारी स्थित चट्टी बारियातू कोल माइंस के एमडीओ ऋत्विक माइनिंग कंपनी के मुख्य गेट पर बुधवार रात अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, सोशल मीडिया पर राहुल दुबे गैंग के नाम से गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने और कंपनी को धमकी देने वाला कथित पर्चा वायरल हो रहा है।

पगार ओपी प्रभारी दिनेश मंडल ने बताया कि कंपनी के मुख्य गेट पर गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच की। घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। इसमें बाइक सवार दो संदिग्ध घटना के बाद मौके से भागते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जिम्मेदारी लेने का दावा
घटना के बाद सोशल मीडिया पर प्रकाश शुक्ला नाम के व्यक्ति ने पोस्ट कर गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में ऋत्विक माइनिंग कंपनी के मुख्य गेट पर आठ से दस राउंड फायरिंग करने की बात कही गई है। साथ ही कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों, मुंशियों और अन्य स्टाफ को धमकी देते हुए काम बंद करने की चेतावनी दी गई है। पोस्ट में कंपनी की साइट पर बम फेंकने की धमकी भी दी गई है।
राहुल दुबे गैंग के नाम से कथित पर्चा वायरल
गोलीबारी के बाद सोशल मीडिया पर राहुल दुबे गैंग के नाम से एक कथित पर्चा भी वायरल हुआ है। इसमें कंपनी से जुड़े सतीश नाम के व्यक्ति को संबोधित करते हुए सेटलमेंट नहीं होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। पर्चे पर राहुल दुबे, अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला के नाम लिखे हुए हैं।
वायरल संदेशों में कंपनी को निशाना बनाने और कामकाज बंद कराने की धमकी दी गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल पर्चे और पोस्ट की सत्यता तथा गोलीबारी की घटना से उनके संबंध की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस कर रही संदिग्धों की पहचान
पगार ओपी प्रभारी दिनेश मंडल के अनुसार, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। गोलीबारी के पीछे की वजह, घटना में शामिल लोगों और सोशल मीडिया पर धमकी देने वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी करने का भरोसा जताया है।


