Araria News: जिले के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में बीड़ी पुल के समीप हुए भीषण सड़क हादसे ने सुपौल जिले के थुमहा गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। तिलक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे एक ही गांव के छह लोगों की स्कॉर्पियो नदी में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की जान बच गई। बुधवार देर रात हुए इस हादसे की खबर गुरुवार सुबह गांव पहुंचते ही खुशियां मातम में बदल गईं। एक साथ छह लोगों की मौत से पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सुपौल जिले के थुमहा गांव के कुछ लोग अररिया जिले के भपटिया गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह में शामिल होने के बाद सभी लोग स्कॉर्पियो से देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अररिया जिले के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र स्थित बीड़ी पुल के समीप चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। वाहन में कुल सात लोग सवार थे। हादसे में एक व्यक्ति किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि छह लोगों की मौत हो गई। सूचना पर ताराबाड़ी थानाध्यक्ष सहित पुलिस मौके पर पहुंचकर नहर से स्थानीय लोगों के मदद से सात लोगों को बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल भिजवाया।जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने छह के पूर्व में ही मौत हो जाने की बात कही।जबकि गंभीर रूप से घायल एक का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है।जेसीबी और स्थानीय लोगों की मदद से पलटी स्कॉर्पियो गाड़ी को बाहर निकाला गया है।घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं।

मृतकों में किशोर और युवाओं की संख्या अधिक
स्कॉर्पियो सवार लोग सिकटी के भपटियाही में संजय मंडल के घर लड़का को तिलक चढ़ाने के लिए गए हुए थे । इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आदित्य (18), शिवा (15), मुन्ना (22), सौरभ (13), कुंदन (30) और यश कुमार (14) के रूप में हुई है। मृतकों में अधिकांश किशोर और युवा थे। एक ही गांव के छह लोगों की असमय मौत ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है।
छह शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम
गुरुवार की सुबह जब छह मृतकों के शव थुमहा गांव पहुंचे तो पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। किसी मां ने अपना बेटा खोया तो किसी परिवार ने अपना भाई और घर का सहारा। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने पहुंचे।
एक ही गांव से एक साथ छह अर्थियां उठने का दृश्य बेहद हृदयविदारक था। जिन घरों में कुछ समय पहले तक समारोह की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। हंसते-खेलते किशोरों और युवाओं की असमय मौत से थुमहा गांव सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर है। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।



