Bihar News : बिहार के मुंगेर जिले में नीट (NEET) की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा का शव कुएं से मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। छात्रा पिछले तीन दिनों से लापता थी और परिवार उसकी लगातार तलाश कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
यह मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कल्याणचक गांव का है। मृतका की पहचान संध्या कुमारी के रूप में हुई है। वह डॉक्टर बनने का सपना लेकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। परिवार के अनुसार संध्या दो बार नीट परीक्षा में शामिल हो चुकी थी और बेहतर परिणाम नहीं आने के कारण पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी।
मृतका के पिता धर्मवीर यादव ने बताया कि संध्या परिवार की इकलौती बेटी थी। 5 जुलाई की सुबह करीब चार बजे वह घर से शौच के लिए निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, रिश्तेदारों से संपर्क किया और हर संभव प्रयास किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
जब काफी खोजबीन के बाद भी संध्या का पता नहीं चला तो परिजनों ने मुफस्सिल थाना में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस भी छात्रा की तलाश में जुटी हुई थी।
मंगलवार को गांव के कुछ लोगों की नजर घर के पास स्थित एक कुएं पर पड़ी, जहां पानी में शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गुमशुदगी का मामला पहले से दर्ज था। अब शव मिलने के बाद मामले की जांच और तेज कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और परिजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और आत्महत्या, दुर्घटना या अन्य कोणों से भी जांच कर रही है। वहीं, छात्रा की असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है। गांव में शोक का माहौल है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


