Bihar News : भागलपुर: बिहार के भागलपुर में चर्चित बिल्डर बजरंग कुमार हत्याकांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड के पीछे अवैध संबंध और आपसी विवाद की वजह सामने आई है। मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जिसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित बिल्डर बजरंग कुमार के कार्यालय में उनका शव खून से लथपथ हालत में मिला था। गले और शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, वैज्ञानिक जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले। जांच में पता चला कि पिरपैंती की रहने वाली सीमा कुमारी घटना की रात बिल्डर के कार्यालय में मौजूद थी।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिला ने बताया कि घटना वाली रात दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने थे। इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद बजरंग कुमार नशे की हालत में सो गए। इसी दौरान महिला ने कार्यालय में रखा धारदार दबिया उठाया और उनके गले पर कई वार कर दिए। इसके बाद शरीर के अन्य हिस्सों पर भी हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार्यालय से फरार हो गई। हालांकि पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कुछ ही घंटों में उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया दबिया तथा मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण सामान भी बरामद किए हैं।


