Bihar News : कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) पर रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पटना मोड़ के समीप सासाराम से मोहनिया की ओर जा रहे तीन ट्रेलर एक के बाद एक आपस में टकरा गए। हादसा
इतना भीषण था कि सबसे पीछे चल रहे बालू लदे ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने चालक को सुरक्षित केबिन से बाहर निकाला। इस दौरान सूचना मिलने पर एनएचएआई की टीम और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
घायल चालक को एनएचएआई की एंबुलेंस से तत्काल मोहनिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। घायल की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बरैथा गांव निवासी राजमणि के पुत्र रवि कुमार के रूप में हुई है।
अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अमित तिवारी ने सोमवार सुबह जानकारी देते हुए बताया कि घायल चालक को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया, लेकिन सिर और शरीर पर गंभीर चोटें होने के कारण उसे हायर सेंटर भेजना आवश्यक था।
हादसे के बाद एनएच-19 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि जाम की स्थिति से बचने के लिए एनएचएआई की टीम ने वाहनों का बारी-बारी से परिचालन कराया। बाद में क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलरों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद सबसे आगे चल रहे ट्रेलर का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों की तत्परता और मानवता के कारण घायल चालक की जान बच सकी, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है।


