Koderma News: जिले के सतगांवा थाना क्षेत्र के सिंहास मुसहरिया गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां प्रेम प्रसंग से आहत एक 17 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान नरेश मुसहर के बड़े पुत्र रंजीत मुसहर (17) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सोने चले गए थे। गर्मी अधिक होने के कारण माता-पिता और अन्य सदस्य घर के बाहर सोए थे, जबकि रंजीत अपने कमरे में था। शनिवार सुबह काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर पिता नरेश मुसहर उसे जगाने पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और कई बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
अनहोनी की आशंका होने पर पिता घर की छत पर चढ़े और कॉर्केट की छत की ईंट हटाकर अंदर झांका। वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। रंजीत कमरे के भीतर फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने बताया कि रंजीत का गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था और वह उससे विवाह करना चाहता था। हालांकि युवती के परिजनों ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया और उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी थी। संयोग से शनिवार को ही युवती की शादी थी और उसके घर बारात आने वाली थी। बताया जा रहा है कि प्रेमिका की शादी की खबर से रंजीत गहरे मानसिक तनाव में था और इसी सदमे में उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचेगी।


