Jharkhand News : रांची: झारखंड के अपराध जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के दो कुख्यात गैंगस्टरों राहुल सिंह और प्रिंस खान के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। सोशल मीडिया पर राहुल सिंह द्वारा किए गए एक धमकी भरे पोस्ट के बाद दोनों गैंगों के बीच गैंगवार की आशंका और तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, विदेश में रहकर झारखंड के कारोबारियों से रंगदारी मांगने वाले दोनों अपराधी गिरोहों के बीच वर्चस्व की लड़ाई लगातार बढ़ रही है। इसी बीच राहुल सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए प्रिंस खान को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी है।
राहुल सिंह ने पोस्ट में लिखा कि, “प्रिंस खान तैयार रहो। मेरे देश, मेरे काम और मेरे लोगों से टकराने की कीमत तुम्हें चुकानी पड़ेगी। तुम दुनिया के जिस भी कोने में रहोगे, वहीं तुम्हें मारेंगे। दूसरों के परिवार की चिंता करने से पहले अपनी फैमिली को सुरक्षित कर लो। बहुत जल्द तुम्हारा हिसाब होगा।”
यही नहीं, राहुल सिंह ने अपने पोस्ट में धनबाद का भी जिक्र करते हुए लिखा कि, “प्रिंस खान होश में रहना, धनबाद से मारते-मारते पाकिस्तान पहुंच जाएंगे।” इस पोस्ट के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
अपराध जगत से जुड़े जानकारों का मानना है कि यह पोस्ट दोनों गैंगों के बीच बढ़ती दुश्मनी का संकेत है और आने वाले दिनों में इसका असर झारखंड के कई जिलों में देखने को मिल सकता है। हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक झारखंड पुलिस या किसी अन्य जांच एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पोस्ट के पीछे क्या उद्देश्य था और इससे कानून-व्यवस्था पर कोई प्रभाव पड़ने की आशंका है या नहीं। मामले पर प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।


