Bihar News : सारण, 22 जून। जिले में अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों की धरपकड़ और शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से पुलिस ने व्यापक विशेष अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। कार्रवाई में कुल 46 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विभिन्न मामलों के आठ वारंटी शामिल हैं। इसके अलावा शराब सेवन के आरोप में 11 लोगों को पकड़ा गया, जबकि शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त 13 धंधेबाजों को भी गिरफ्तार किया गया। अपराध नियंत्रण अभियान के तहत हत्या के प्रयास के मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। वहीं जुआ अधिनियम के तहत भी पांच लोगों को हिरासत में लिया गया।
इसके अतिरिक्त आर्म्स एक्ट, पोक्सो एक्ट, चोरी तथा अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त एक-एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अभियान के दौरान पुलिस ने एक अपहृता को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। यह अभियान न केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित रहा, बल्कि अवैध गतिविधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगाने में सफल रहा।
छापेमारी और तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने एक देशी पिस्टल, एक कार, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, ताश के पत्ते तथा 700 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। बरामद सामानों को विधि सम्मत कार्रवाई के लिए संबंधित थानों में जमा कराया गया है।
शराबबंदी कानून के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने कुल 221.615 लीटर शराब बरामद की। इसमें 95 लीटर देशी शराब तथा 126.615 लीटर विदेशी शराब शामिल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 वाहनों से कुल 13,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


