Bihar News : बिहार की राजधानी पटना के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के निदेशक रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस कुमार यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि बिहार और नेपाल दोनों जगह इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के बाद मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय प्रिंस कुमार यादव नेपाल के विराटनगर स्थित शुभ होटल में ठहरे हुए थे। शनिवार देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। होटल कर्मचारियों और उनके साथ मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल विराटनगर के न्यूरो अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
मोरंग जिला पुलिस के सूचना अधिकारी एवं डीएसपी मकेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि मृतक की पहचान बिहार निवासी प्रिंस कुमार यादव के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है और सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नेपाल पुलिस ने अलग-अलग जांच टीमें गठित की हैं। विराटनगर वार्ड पुलिस कार्यालय की ओर से डीएसपी लोकेन्द्र सिंह गुरुङ के नेतृत्व में तथा मोरंग जिला पुलिस कार्यालय की ओर से इंस्पेक्टर अभिषेक श्रेष्ठ के नेतृत्व में जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस होटल कर्मचारियों, प्रत्यक्षदर्शियों और घटना के समय प्रिंस के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही होटल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
नेपाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस बीच पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताया है। उन्होंने बिहार सरकार से नेपाल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित कराने की मांग की है। पप्पू यादव ने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की आपराधिक साजिश सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उधर, प्रिंस यादव की मौत की खबर बिहार पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आनी चाहिए। फिलहाल सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और नेपाल पुलिस की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
प्रिंस के साथ होटल में ठहरे पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू
घटना के बाद नेपाल की मोरंग जिला पुलिस ने जांच तेज कर दी है और प्रिंस के साथ होटल में ठहरे पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
नेपाल पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय प्रिंस कुमार यादव विराटनगर स्थित ट्रैफिक चौक के समीप शुभ होटल में अपने पांच साथियों के साथ ठहरे हुए थे। शनिवार देर रात उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह होटल में ही गिर पड़े। स्थिति गंभीर होने पर होटल प्रबंधन और उनके साथ मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल विराटनगर न्यूरो हॉस्पिटल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
प्रिंस यादव की अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। नेपाल पुलिस ने प्रारंभिक जांच में मामले को संदिग्ध मानते हुए व्यापक जांच शुरू कर दी है। मोरंग जिला पुलिस के अधिकारियों के अनुसार फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। पुलिस होटल के कर्मचारियों, वहां मौजूद लोगों और प्रिंस के साथ ठहरे साथियों से पूछताछ कर रही है।


