Jharkhand News: कोडरमा के मरकच्चो थाना क्षेत्र स्थित प्रेम नगर में शुक्रवार देर रात मामूली कहासुनी के बाद हुई हिंसक घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 31 वर्षीय अनीश सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार अनीश सिंह जामू रोड स्थित एक होटल में खाना खाने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर अनीश वहां से अपने घर लौट आए। परिजनों का आरोप है कि विवाद के कुछ समय बाद आरोपित पक्ष के लोग बदला लेने की नीयत से बड़ी संख्या में अनीश के घर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि 8 से 10 युवक 6 से 7 बाइकों पर सवार होकर प्रेम नगर स्थित अनीश के घर पहुंचे और अचानक हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावर घर के अंदर घुस गए और अनीश सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान उन्हें जमीन पर पटक-पटक कर पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के दौरान जब परिवार के सदस्य बीच-बचाव के लिए आगे आए तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। अनीश के भाई, मां और बहन ने किसी तरह उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। भयभीत होकर अनीश का भाई घर की छत पर चढ़ गया और शोर मचाने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।
गंभीर हालत में अनीश सिंह को तत्काल मरकच्चो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार अनीश सिंह पेशे से ट्रक चालक थे और पटना में कार्यरत थे। वह कुछ दिनों के लिए अपने घर आए हुए थे। परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से घर पहुंचकर इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद प्रेम नगर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।


