खान ग्लोबल और ज्ञान बिंदु विवाद ने पकड़ा तूल, गिरफ्तारी और फायरिंग वीडियो से बढ़ा बवाल
Patna News: पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान ग्लोबल कोचिंग सेंटर से जुड़े विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस कार्रवाई और एक वायरल वीडियो के बाद मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस प्रकरण में नया मोड़ तब आया जब पटना पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद को गिरफ्तार कर लिया। उनकी गिरफ्तारी के बाद दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच चल रहा विवाद और अधिक गहरा गया है।
रौशन आनंद की गिरफ्तारी के विरोध में ज्ञान बिंदु कोचिंग के टीम लीडर आदर्श ने खुलकर मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने मीडिया के सामने एक कथित फायरिंग वीडियो जारी करते हुए दावा किया कि इसी वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। आदर्श का आरोप है कि वीडियो में दिखाई देने वाले लोग खान ग्लोबल संस्थान से जुड़े हुए हैं।
ज्ञान बिंदु की ओर से यह भी दावा किया गया है कि पूरी घटना पूर्व नियोजित थी। टीम लीडर आदर्श ने आरोप लगाया कि खान सर के सुरक्षा गार्ड द्वारा हवाई फायरिंग करवाई गई थी। उन्होंने कहा कि पहले भी खान सर ने सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार किया था कि उनके संस्थान के गेट के पास कई राउंड फायरिंग हुई थी। अब जारी वीडियो को उसी घटना से जोड़ते हुए नए सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
सरकार और पुलिस प्रशासन से खान सर के खिलाफ कार्रवाई की मांग
इस बीच ज्ञान बिंदु कोचिंग ने सरकार और पुलिस प्रशासन से खान सर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि वायरल वीडियो में कहीं भी रौशन आनंद दिखाई नहीं दे रहे हैं, फिर भी उनकी गिरफ्तारी कर ली गई। संस्था ने इसे एकतरफा कार्रवाई बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उधर, विवाद बढ़ने के बाद पटना पुलिस ने भी अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर स्थित खान ग्लोबल कोचिंग सेंटर में पुलिस टीम ने दबिश दी और दो लोगों को हिरासत में लिया। अधिकारियों के अनुसार दोनों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि पूरे विवाद की वास्तविक वजह क्या है और घटना में किन लोगों की भूमिका रही है।
मामले के तूल पकड़ने के बाद मुसल्लहपुर हाट और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरा इलाका सुरक्षा घेरे में है और पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। फिलहाल, एक कोचिंग संचालक की गिरफ्तारी और दूसरे संस्थान पर लगे गंभीर आरोपों के बीच पटना का चर्चित कोचिंग हब चर्चा के केंद्र में है। सभी की नजरें अब पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।


