Jharkhand News: रामगढ़ में साइबर ठगों ने ठगी का एक नया और चौंकाने वाला तरीका अपनाया है। इस बार एक शातिर ठग ने खुद को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का पर्सनल असिस्टेंट (पीए) बताकर शहर के एक मोबाइल दुकानदार को अपना शिकार बना लिया। ठग ने बड़ी चालाकी से विश्वास जीतते हुए 69 हजार रुपये कीमत का पिंक कलर का iPhone 16 हासिल कर लिया और फरार हो गया।
मामला शहर के गोला रोड स्थित गणपति मोबाइल दुकान का है। दुकान संचालक धीरेंद्र कुमार ने रामगढ़ थाना में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार 30 मई को उन्हें एक फोन कॉल प्राप्त हुआ। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को रामगढ़ एसपी कार्यालय का पीए बताया और कहा कि उसे मैडम के लिए पिंक कलर का iPhone 16 खरीदना है।
बातचीत के दौरान आरोपी ने मोबाइल की कीमत को लेकर मोलभाव किया और आखिरकार 69 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। उसने स्वयं को एसपी के साथ अत्यधिक व्यस्त बताते हुए दुकान आने में असमर्थता जताई तथा मोबाइल की होम डिलीवरी करने को कहा। आरोपी ने दुकानदार को विश्वास दिलाने के लिए वीआईपी अंदाज में बातचीत की। इतना ही नहीं, उसके नंबर पर ट्रूकॉलर में भी “SP PA Office” नाम प्रदर्शित हो रहा था, जिससे संदेह की गुंजाइश और कम हो गई।
दुकान के कर्मचारी राजा दत्ता को मोबाइल की डिलीवरी के लिए भेजा गया। रास्ते में आरोपी ने फोन कर बताया कि वह रामगढ़ कोर्ट के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार में मौजूद है और वहीं मोबाइल प्राप्त कर लेगा। जब कर्मचारी वहां पहुंचा तो आरोपी ने उसे एक ऑनलाइन ट्रांजैक्शन का स्क्रीनशॉट दिखाया, जिसमें 69 हजार रुपये भुगतान किए जाने का दावा किया गया था।
स्क्रीनशॉट देखने के बाद कर्मचारी ने मोबाइल सौंप दिया। हालांकि दुकान पहुंचकर जब भुगतान की पुष्टि की गई तो पता चला कि खाते में कोई राशि जमा ही नहीं हुई है। इसके बाद आरोपी ने फोन पर बहाना बनाया कि उसके खाते से पैसे कट चुके हैं और वह बैंक विवरण दिखाने दुकान आएगा, लेकिन फिर उसका मोबाइल बंद हो गया और वह फरार हो गया।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि आरोपी ने फर्जी मोबाइल नंबर और वाहन नंबर का उपयोग किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी ऑनलाइन भुगतान या पहचान पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। बैंक खाते में राशि प्राप्त होने की पुष्टि के बाद ही किसी सामान की डिलीवरी करें। पुलिस ने नागरिकों को एपीके फाइल, फर्जी कॉल और नकली भुगतान स्क्रीनशॉट जैसे साइबर ठगी के तरीकों से सतर्क रहने की सलाह दी है।


