Nawada News: जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और पुलिस टीम पर हमले के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मगध रेंज के आईजी Vikas Vaibhav ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नारदीगंज थाना प्रभारी आदित्य कुमार को कर्तव्यहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया है। वहीं पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर 28 बालू माफियाओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में वाहनों को भी जब्त किया गया। पुलिस ने 20 मोटरसाइकिल, दो स्कॉर्पियो और एक ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है। बताया जा रहा है कि जिले में लंबे समय से अवैध बालू खनन का खेल चल रहा था, जिसकी शिकायत लगातार मिल रही थी।
जानकारी के अनुसार नारदीगंज थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि मधुबन स्थित पंचाने नदी में अवैध बालू खनन किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और पथरा-केशौरिया इलाके में छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान दो ट्रैक्टर बालू अनलोड कर मौके से भागने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस अवर निरीक्षक नरेंद्र कुमार ने एक ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि चालक ने जान लेने की नीयत से ट्रैक्टर सीधे पुलिस अधिकारी पर चढ़ा दिया। इस हमले में नरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल पुलिस अधिकारी को पहले नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है।
इस मामले में नारदीगंज थाना में कांड संख्या 158/26 दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार सभी आरोपियों से थाना परिसर में सघन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान कई आरोपियों ने अवैध बालू खनन में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। आईजी विकास वैभव ने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन और माफिया गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि कोई कानून हाथ में लेने की हिम्मत न कर सके।


