Koderma News: कोडरमा थाना क्षेत्र स्थित मिटको कॉलोनी गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना से दहल उठी। कॉलोनी में रहने वाली 30 वर्षीय महिला नेहा राज की उनके ही घर में निर्मम हत्या कर दी गई। महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि स्कूल से लौटे उनके मासूम बेटे ने सबसे पहले अपनी मां को इस हालत में देखा।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे नेहा राज का बेटा स्कूल से घर पहुंचा। जैसे ही वह कमरे में दाखिल हुआ, उसने अपनी मां को जमीन पर खून से लथपथ पड़ा देखा। यह दृश्य देखते ही बच्चा जोर-जोर से रोने और चीखने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने जब बच्चे से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी मां के गले से काफी खून बह रहा है और वह कुछ बोल नहीं रही हैं। इसके बाद तत्काल घटना की सूचना नेहा के पति शंभू राणा को दी गई, जो उस समय कॉपी सप्लाई के काम से बाहर गए हुए थे।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। घर के अंदर का नजारा बेहद भयावह था। नेहा राज का गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था और कमरे में चारों तरफ खून फैला हुआ था। गंभीर हालत में उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।
वर्ष 2017 में परिवार की इच्छा के विरुद्ध जाकर शंभू राणा से प्रेम विवाह किया था
बताया जाता है कि नेहा राज का मायका झुमरी तिलैया के पानी टंकी रोड में है। उन्होंने वर्ष 2017 में परिवार की इच्छा के विरुद्ध जाकर बेकोबार निवासी शंभू राणा से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों मिटको कॉलोनी में रहकर कॉपी निर्माण का व्यवसाय करते थे। नेहा फैक्ट्री का काम संभालती थीं जबकि उनके पति मार्केटिंग का कार्य करते थे।
नेहा अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं इलाके में इस हत्याकांड को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है।


