Jharkhand Crime News: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित एग्रिको रोड नंबर-2 में सोमवार सुबह हुए तिहरे हत्याकांड ने पूरे शहर को दहला दिया। शांत और पॉश माने जाने वाले इलाके में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में घर के मुखिया और Tata Steel के सेवानिवृत्त कर्मचारी रविन्द्र प्रसाद सिंह को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना एग्रिको रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर संख्या एल5/13 की है। सोमवार सुबह खुद रविन्द्र प्रसाद सिंह ने डायल-100 पर फोन कर पुलिस को हत्या की सूचना दी। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर से तीन शव बरामद किए।मृतकों की पहचान पत्नी सरिता सिंह (55), पुत्र रविशेक कुमार (30) और पुत्री सुप्रिया सिंह (31) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुप्रिया सिंह विवाहित थी और गर्भवती भी थी। इस खबर के सामने आते ही इलाके में मातम और दहशत का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल के बाहर जमा हो गए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि रविन्द्र प्रसाद सिंह ने रविवार रात कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी, बेटे और बेटी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पूरी रात शवों के साथ घर में ही मौजूद रहा और सोमवार सुबह खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी।पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। साथ ही फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घर के भीतर से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष फरवरी में टाटा स्टील से रिटायर होने के बाद आरोपी मानसिक तनाव और पारिवारिक विवादों से गुजर रहा था। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए ललित मीणा, पूर्णिमा साहू और सिदगोड़ा थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों, रिश्तेदारों और परिवार के परिचितों से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी के मुताबिक, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फॉरेंसिक जांच के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह साफ हो सकेगी। इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव जैसे मुद्दों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
इस खबर को भी पढ़ें : प्रेम विवाह की सजा! पंचायत के आदेश पर जिंदा बेटी का किया अंतिम संस्कार


