Jharkhand News: धनबाद में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में कोयला व्यवसायी पर फायरिंग की घटना के बाद अब एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में डर का माहौल पैदा कर दिया है। ताजा घटना में मेयर समर्थक शुभम यादव की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई।
यह घटना सोनारडीह ओपी क्षेत्र की है, जहां देर रात दो अपराधी शुभम यादव के घर में घुस गए और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। उस समय शुभम अपनी दादी के साथ घर में मौजूद था। अचानक हुई गोलीबारी से घर और आसपास के लोग दहशत में आ गए। गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
घटना में गंभीर रूप से घायल शुभम को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसे तीन गोलियां लगी थीं, जिनमें दो छाती और एक सिर में लगी थी, जो जानलेवा साबित हुई।
घटना की सूचना मिलते ही धनबाद के मेयर संजीव सिंह अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से पांच खोखे बरामद किए हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि मृतक का आपराधिक इतिहास रहा है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मृतक की दादी ने बताया कि घटना के समय वे घर में ही मौजूद थीं। अचानक गोलियों की आवाज आई और जब तक कुछ समझ पाते, अपराधी भाग चुके थे।
इस वारदात के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पर दबाव है कि वह जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करे।


