Bihar News: किशनगंज जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टाउन थाना प्रभारी अभिषेक कुमार रंजन के ठिकानों पर छापेमारी की। मंगलवार सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई में एक साथ किशनगंज, पटना और सारण जिले में स्थित उनके पांच ठिकानों को निशाना बनाया गया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे चार वाहनों में सवार नौ सदस्यीय ईओयू टीम किशनगंज पहुंची और थाना से महज 50 मीटर दूरी पर स्थित उनके आवास और चेंबर को घेर लिया। टीम में एक महिला अधिकारी भी शामिल थी। इस दौरान थाना अध्यक्ष के ड्राइवर हरेंद्र से भी पूछताछ की गई। सूत्रों का कहना है कि जांच एजेंसी अभिषेक रंजन के कथित तौर पर आपराधिक तत्वों या माफिया से संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही है।
इसी क्रम में ईओयू की दूसरी टीम ने पटना के रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवनगर कॉलोनी स्थित उनके आवास पर छापा मारा। हालांकि, टीम के पहुंचने के समय घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिसके बाद अधिकारियों को परिजनों के आने का इंतजार करना पड़ा। वहीं सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के पैतृक गांव पैगा में भी दबिश दी गई, जहां संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, अभिषेक कुमार रंजन के खिलाफ लगभग 1 करोड़ 70 लाख रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है। इसी के आधार पर ईओयू ने यह समन्वित छापेमारी अभियान चलाया है। जांच के दौरान जमीन, नकदी, निवेश और अन्य संपत्तियों से संबंधित कागजात खंगाले जा रहे हैं।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। विभागीय स्तर पर उन्हें पद से हटाने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। अभिषेक कुमार रंजन वर्ष 2009 बैच के दारोगा हैं और बाद में उन्हें निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया था। उन्होंने दिसंबर 2024 में किशनगंज सदर थाना का प्रभार संभाला था और इससे पहले बहादुरगंज थाना अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
गौरतलब है कि जिले में पिछले 15 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 31 मार्च को पूर्व एसडीपीओ के आवास पर भी ईओयू ने छापेमारी की थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि भ्रष्टाचार के मामलों में अब सख्ती बढ़ रही है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।


