Bihar News: नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र स्थित अंधरवारी गांव में शुक्रवार को भीषण अगलगी की घटना ने किसानों को गहरे संकट में डाल दिया। गेहूं की तैयार फसल में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 100 बीघा से अधिक क्षेत्र में खड़ी फसल जलकर राख हो गई। इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और किसान अपनी मेहनत की फसल बचाने के लिए खेतों की ओर दौड़ पड़े, लेकिन तेज हवा के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि एक खेत से दूसरे खेत तक पहुंचने में उसे ज्यादा समय नहीं लगा। कई किसानों की महीनों की मेहनत पल भर में जलकर खत्म हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
हालांकि, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दमकल की गाड़ियों में पर्याप्त पानी नहीं था, जिससे आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका। बताया जा रहा है कि पानी खत्म होने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई। इस दौरान किसानों और अग्निशमन कर्मियों के बीच कहासुनी भी हुई। किसानों का कहना है कि यदि पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होते, तो इतनी बड़ी क्षति को टाला जा सकता था।
स्थानीय किसान बिपिन सिंह ने बताया कि इस अगलगी में आधा दर्जन से अधिक किसानों की पूरी फसल जलकर नष्ट हो गई है। इस नुकसान की वजह से किसानों को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। कई परिवारों की साल भर की आय का मुख्य स्रोत खत्म हो गया है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
घटना के बाद पूरे गांव में मायूसी का माहौल है। प्रभावित किसान अपनी जली हुई फसल को देखकर बेहद चिंतित हैं और प्रशासन से सहायता की गुहार लगा रहे हैं। किसानों ने इस मामले की जांच कराने और उन्हें उचित मुआवजा देने की मांग की है। प्रशासन की ओर से फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। किसानों को उम्मीद है कि सरकार उनकी पीड़ा को समझेगी और जल्द राहत प्रदान करेगी।


