Patna ;-बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं, जहां वे राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करने के साथ-साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरे के बाद ही बिहार के मुख्यमंत्री पद को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार दोपहर 1:20 बजे की फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वे पहले ही 16 मार्च को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं और 30 मार्च को उन्होंने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। अब 10 अप्रैल को वे राज्यसभा में शपथ लेंगे।
दिल्ली में जदयू के वरिष्ठ नेताओं के साथ होने वाली बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। इस बैठक में पार्टी की आगे की रणनीति, बिहार में नई सरकार के गठन और संभावित नेतृत्व को लेकर चर्चा होगी। बैठक में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
इधर, भारतीय जनता पार्टी की ओर से भी स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की गई है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि गठबंधन में किसी तरह का मतभेद नहीं है और सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार चल रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी फैसले नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लिए जाएंगे।
जदयू नेताओं के मुताबिक, नीतीश कुमार राज्यसभा की शपथ लेने के बाद ही अपने पद से इस्तीफा देंगे। इसके बाद जब वे पटना लौटेंगे, तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी घटक दलों की बैठक होगी, जिसमें नई सरकार के गठन और मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
बिहार की सियासत में इस घटनाक्रम को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि आने वाले दिनों में राज्य की राजनीतिक दिशा तय हो सकती है।


