Palamu News:- गणतंत्र दिवस के मौके पर थाना परिसर में वर्दी पहनकर पत्नी के साथ डांस करते हुए रील बनाना हुसैनाबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोनू चौधरी को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई की है। पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने इंस्पेक्टर सोनू चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी को इंस्पेक्टर सोनू चौधरी ने हुसैनाबाद थाना परिसर में अपनी पत्नी के साथ रील बनाई थी। वायरल वीडियो में वे वर्दी में नजर आ रहे हैं, जहां पत्नी के साथ डांस करते हुए उन्हें टोपी पहनाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
मामले की जांच हुसैनाबाद के एसडीपीओ एस. मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में कराई गई। जांच रिपोर्ट में वर्दी की गरिमा और पुलिस अनुशासन के उल्लंघन की पुष्टि हुई। इसके बाद पलामू एसपी ने सख्त कदम उठाते हुए थाना प्रभारी को लाइन हाजिर करने का आदेश जारी किया।
प्रशासनिक स्तर पर तत्काल प्रभाव से बदलाव करते हुए पाटन के अंचल निरीक्षक चंदन कुमार को हुसैनाबाद थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुलिस विभाग ने साफ संदेश दिया है कि वर्दी और पद की गरिमा से जुड़े किसी भी तरह के अनुशासनहीन आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इंस्पेक्टर सोनू चौधरी पिछले कुछ महीनों से हुसैनाबाद थाना प्रभारी के पद पर तैनात थे। इससे पूर्व वे पलामू के चैनपुर थाना में भी थानाध्यक्ष रह चुके हैं। सोनू चौधरी 2012 बैच के सब-इंस्पेक्टर थे और वर्ष 2024 में पदोन्नति पाकर इंस्पेक्टर बने थे।

