Muzaffarpur News:- बिहार के मुजफ्फरपुर में मंगलवार तड़के एक गंभीर रेल हादसा होते-होते टल गया। माड़ीपुर के पास मोतिहारी की ओर जा रही मिलिट्री स्पेशल ट्रेन पर लदा एक ट्रक अचानक ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) से टकरा गया। टक्कर के साथ ही ट्रक में आग लग गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और रेल परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक ओएचई लाइन के बेहद करीब था। जैसे ही वह विद्युत तारों के संपर्क में आया, तेज चिंगारी के साथ ट्रक में आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर मौजूद लोग सहम गए। हालांकि, ट्रेन में सवार सैन्य जवानों ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए अपने अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना में ट्रक को ढकने वाला तिरपाल और कुछ कुर्सियां जलकर खाक हो गईं, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारण ओएचई को गंभीर नुकसान पहुंचा, जिससे उस रेलखंड में बिजली आपूर्ति ठप हो गई और ट्रेनों की आवाजाही रुक गई।
सूचना मिलते ही रेलवे के ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन विभाग (टीआरडी), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीमें मौके पर पहुंचीं। मरम्मत कार्य शुरू करते हुए रेलवे ने स्थिति को संभालने के लिए मिलिट्री स्पेशल ट्रेन में डीजल इंजन लगाकर उसे आगे के लिए रवाना किया।
हादसे का असर रेल यातायात पर व्यापक रूप से देखने को मिला। मुजफ्फरपुर–नरकटियागंज इंटरसिटी और मुजफ्फरपुर–रक्सौल मेमू ट्रेन को मुजफ्फरपुर जंक्शन पर ही री-शेड्यूल करना पड़ा। कटिहार–अमृतसर आम्रपाली एक्सप्रेस को मुजफ्फरपुर जंक्शन पर करीब 18 मिनट तक रोका गया, जिसके बाद उसे सुबह सात बजे मेमू के जरिए अप लाइन से आगे भेजा गया। इसके अलावा सोनपुर और समस्तीपुर मंडल की कई ट्रेनों को रास्ते में ही रोक-रोक कर चलाया गया।
ठंड के मौसम में प्लेटफॉर्म पर फंसे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे प्रशासन ने फिलहाल हादसे के कारणों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर ओएचई के अधिक झुकने को घटना की वजह माना जा रहा है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए जल्द परिचालन सामान्य होने का भरोसा दिया है।

